फिरोजाबाद/मक्खनपुुर। थाना मक्खनपुर के इंदुमई के समीप ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंत चिकित्सक की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। गुस्साई भीड़ ने हाइवे जाम कर शव उठाने का विरोध किया। एसपीआरए सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण जाम को खोलने को तैयार नहीं हुए। ढाई घंटे के बाद एसडीएम काली शंकर वर्मा ने पहुंच कर पीएम के बाद आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। तब जाम खुला।
थाना मक्खनपुर के मोहनीपुर निवासी दंत चिकित्सक अजय कुमार (38) जेबड़ा तिराहे पर क्लीनिक चलाता था। रविवार शाम क्लीनिक बंद कर गांव निवासी जगदीश के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इंदुमई के पास पीछे से आए तेज गति ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। इसके चलते बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसा होते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई।
भीड़ ने मौके पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसपी ग्रामीण महेंद्र सिंह,सीओ शिकोहाबाद संजय रेड्डी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध किया तो एसपीआरए ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। ग्रामीण और परिजन पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। जाम करीब ढाई घंटे तक लगने से वाहनों की कतारें लग गई।
एसडीएम शिकोहाबाद कालीशंकर वर्मा ने मौके पर पहुंच कर पीएम रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना बीमा और आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला और पुलिस ने शव पीएम के लिए भेजा।