कासगंज (ब्यूरो)। जनपद में महिलाओं की मदद के लिए लागू की गई 181 सेवा काफी कारगर हो रही है। अब तक इस सेवा के माध्यम से 29 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से सात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई भी की गई है।
शासन ने प्रोबेेशन विभाग के माध्यम से महिलाओं को मदद के लिए लागू की गई 181 सेवा के सार्थक परिणाम सामने आ रहे है। इस सेवा के लागू होने के बाद महिलाएं अपने अधिकार के प्रति जागरूक हो रही है। सितंबर माह में इस सेवा के माध्यम से घरेलु हिंसा से जुड़ी 7 शिकायतें दर्ज हुई। इन शिकायतों में एक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। जबकि छह मामलों में आपसी सहमति से समझौता हो गया। अक्तूबर माह में 8 शिकायतें दर्ज कराई गई।
इनमें से दो गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई हुई। जबकि छह मामले आपसी सहमति से निपट गए। इसी तरह से नवंबर माह में 12 मामले इस सेवा के माध्यम से दर्ज कराए गए। इनमें से चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई की गई। जबकि अन्य मामले आपसी सहमति से निपट गए।
जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुस्फेकीन ने बताया कि 181 की सेवा महिलाओं के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार के अपराध के मामले में इस सेवा के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
लखनऊ कंट्रोल रूम पर सीधी शिकायत दर्ज होती है। वहां से विभाग को निर्देश मिलते हैं। इसके बाद विभाग पीड़ित महिलाओं की मदद करता है। आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई भी कराई जाती है।