फिरोजाबाद। नगर निकाय चुनाव के लिए 70 वार्डों में बनाए गए 439 में से तीन दर्जन बूथों पर पानी का इंतजाम तक नहीं है। जलकल विभाग ने ऐसे बूथों को चिह्नित कर लिया है। इन बूथों पर जल्द ही पेयजल के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।
29 नवंबर को होने वाले मतदान के समय मतदाताओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए सभी बूथों पर पेयजल, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रैंप आदि की व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है। एसडीएम सदर संगमलाल यादव ने जलकल विभाग को सभी बूथों की सूची उपलब्ध करा दी है। इन सभी बूथों पर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
जलकल विभाग के एक्सईएन एमए हक के निर्देशन पर जलकल विभाग की टीमों ने नगर निगम सीमा के अंतर्गत बनाए गए समस्त बूथों का सर्वे कार्य पूरा कर लिया है। जलकल विभाग द्वारा किए गए सर्वे में करीब तीन दर्जन बूथ ऐसे सामने हैं, जहां पानी का इंतजाम नहीं मिला। अवर अभियंता मुंशीलाल वर्मा ने बताया कि कुछ बूथ चिह्नित किए हैं, जिन पर टंकी रखवाकर पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। जहां सबमर्सिबल, हैंडपंप खराब हैं वह ठीक कराए जाएंगे। कुछ बूथों पर टैंकरों के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था कराई जाएगी।