मैनपुरी। जन संपर्क के साथ ही प्रत्याशियों व समर्थकों ने प्रचार के लिए सोशल साइट्स को भी हथियार बनाया है। व्हाट्सएप और फेसबुक के माध्यम से वोट अपील की जा रही है। प्रचार के इस माध्यम पर प्रशासन की ओर से निगरानी की अभी कोई नजर नहीं आ रही है।
सपा, भाजपा, बसपा, कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव प्रचार व वोट बढ़ाने में ताकत के साथ जुटे नजर आ रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया को प्रचार का प्लेटफार्म बनाया गया है। दिन भर की गतिविधि को वाीडियो व फोटो के माध्यम से परिचितों व जनता के बीच शेयर कर वोट अपील की जा रही है।
बाकायदा सोशल साइट पर फैन क्लब भी बनाए गए हैं। इसमें पार्टी व पार्टी का प्रचार कर लोगों को जोड़े जाने काम चल रहा है। जनता की राय भी ली जा रही है। जीत को लेकर गणित बैठाने के लिए प्रत्याशी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
वही प्रशासन की ओर से सोशल साइट पर निगरानी के लिए की गई व्यवस्था भी कहीं नजर नहीं आ रही है। जैसे जैसे मतदान की तिथि नजदीक आती जा रही है। प्रचार जोर पकड़ता जा रहा है।
सोशल साइट पर पसंद और जवाब के जरिए प्रत्याशी जीत हार का गणित भी लगाने लगे हैं। प्रचार के साथ ही उस पर आने वाले लाइक व कमेंट को वोट के रूप में देख रहे हैं। वहीं कमेंट के जरिए दी जा रही सलाह पर भी प्रत्याशी अमल करते नजर आ रहे हैं।