मैनपुरी। नवंबर का महीना यातायात माह के तौर पर मनाया जा रहा है। इसके बावजूद जिले में डग्गामारी वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं। परिवहन विभाग की कवायद भी बौनी साबित हो रही है। पुलिस प्रशासन भी जांच भी दोपहिया वाहनों तक सीमित रहती है।
जिले में अभी यातायात माह के तहत जगह-जगह वाहनों की जांच की जा रही है। पर, इस दौरान डग्गामार वाहनों को कोई अधिकारी हाथ तक नहीं लगा रहा है। आलम यह है कि डग्गामार वाहन चालक मानक से ज्यादा सवारियां बैठाकर ले जा रहे हैं। यातयात माह में इसमें रोक नहीं लगने से साफ है कि परिवहन विभाग इनके आगे बौना साबित हो रहा है।
जिले के औंछा मार्ग पर ही देखें तो हर रोज डग्गामार वाहन चालक सवारियों को लटकाकर ले जाते हैं। यह रास्ता कई जगह पर खराब है। इसके बाद भी इन सवारियों की जान की परवाह न तो वाहन चालकों है और नहीं संबंधित विभाग के अधिकारियों को।
यात्रियों के मुताबिक इस मार्ग पर ज्यादा वाहनों की संख्या नहीं होने के कारण मजबूरी में बैठना पड़ता है। वाहनों की संख्या कम होने का फायदा डग्गामार वाहन चालक उठाते हैं। इस दौरान वह सवारियों से मनमाना किराया भी वसूल किया जाता है। विरोध करने पर वाहन चालक अभद्रता पर उतारू हो जाते हैं।