कासगंज। मौसम के मिजाज में बदलाव आने के साथ ही मौसमी बीमारियों ने अपने पांव पसारने शुरू कर दिए है। लोग वायरल फीवर, सर्दी, खांसी, जुकाम आदि से पीड़ित हो रहे हैँ। बच्चों पर मौसम का सबसे अधिक असर हो रहा है। चिकित्सलयों पर मरीजों की भीड़ बढ़ रही है।
कार्तिका माह चल रहा है। यह माह ठंड का माना जाता है, लेकिन इस बार ठंड देर से शुरू हो रही है। पिछले दो तीन दिन से मौसम में ठंडक पड़ना शुरू हुई है। सुबह के समय ठंडी हवा चलने लगी है। रात के समय भी मौसम में ठंडक होने लगी है। हालांकि दोपहर के समय मौसम में ठंडक कम है। मौसम में ठंड को देखते हुए लोगों ने अपने खान पान में भी बदलाव शुरू किया है।
मौसम के असर से बच्चे एवं बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उनमें सर्दी, खांसी की शिकायत सामने आ रही है। इसके साथ ही वायरल फीवर का भी प्रकोप है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 400 से 500 तक नए मरीज पहुंच रहे हैं, जबकि नए जिला चिकित्सालय पर भी 150 से 200 तक मरीज आ रहे है। पुराने मरीजों की संख्या भी अच्छी खासी है।
भीड़ के चलते मरीजों को काफी दिक्कत भी उठानी पड़ रही है। पहले उन्हें पर्ची बनबाने को लाइन में लगना होता है। इसके बाद चिकित्सक को दिखाने के लिए। दवा घर पर भी लाइन में लगने के बाद नंबर आता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रंगजी दुवे ने बताया कि विभाग के पास सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध है। मरीजों को समुचित चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।