एटा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिले के मजदूरों से रूबरू होंगे। इस दौरान मनरेगा के हाल, ग्रामीण आजीविका मिशन समेत तमाम मुद्दों और योजनाओं के हाल पर चर्चा की जाएगी। ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त का पत्र मिलने के बाद जिले के 40 श्रमिकों का चयन कर लिया गया है।
दरअसल, देश में 10 और 11 अक्तूबर को नानाजी देशमुख का जन्मदिन मनाया जाएगा। इस मौके पर दिल्ली में एनएएससी के सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हर जिले से 40-40 श्रमिकों को बुलाया गया है। इन श्रमिकों से 11 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमाम योजनाओं को लेकर विचार विमर्श करेंगे। साथ ही योजनाओं की असली हकीकत से रूबरू होंगे।
आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग का पत्र मिलने के बाद सीडीओ उग्रसेन पांडेय ने बीडीओ सकीट ज्ञान सिंह को नोडल अधिकारी बनाया है। साथ ही श्रमिकों के चयन का काम पूरा कर लिया गया। बीडीओ और नोडल अधिकारी ज्ञान सिंह ने बताया कि श्रमिकाें की लाने-जाने और खान-पान की व्यवस्था मुख्यालय की ओर से रहेगी। कार्यक्रम के जरिए श्रमिकों को तमाम नवीन जानकारियां प्राप्त होंगी।