एटा। राखी पर बहनों को योगी सरकार ने रोडवेज बसों में मुफ्त सफर का तोहफा दिया है। यात्रा के दौरान बसों में उन्हें जीरो फीस की टिकट मिलेगी। यह सुविधा छह अगस्त की आधी रात से सात अगस्त की रात 12 बजे तक रहेगी।बस में सफर करने वाली हर आयु वर्ग की महिला को निगम टिकट तो देगा, लेकिन उसके एवज में कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं त्योहार के लिए निगम ने तैयारियां कर ली हैं। चालक, परिचालक के अवकाश रद्द करने के साथ ही बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।
रक्षाबंधन के मौके पर जिले के सभी सड़कों यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। बड़ी संख्या में बहनें भाइयों को राखी बांधने के लिए निकलती हैं। बहनों को सफर के दौरान दिक्कत न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने तैयारियां कर ली हैं। जिले की 172 बसों को दुरुस्त कर दी गई हैं। इसके साथ ही पांच अगस्त से लेकर 10 अगस्त तक के लिए चालकों और परिचालकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। दिल्ली रूट पर 70 बसों को भेजा गया है।
इसके साथ ही फर्रुखाबाद, आगरा, कासगंज, गंजडुंडवारा, शिकोहाबाद जाने वाली बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। प्रभारी एआरएम शिव बालक बताते हैं कि रक्षाबंधन त्योहार को लेकर बसों को दुरुस्त कर दिया गया है। हर मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। साथ ही रक्षाबंधन के दिन किसी भी महिला यात्री से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
-------------
24 घंटे होगा काम
पांच अगस्त से 10 अगस्त तक रोडवेज कार्यशाला, बस स्टैंड में 24 घंटे काम चलेगा। निगम ने इसके लिए हर कर्मचारी को निर्देश दे दिए हैं। बस स्टैंड पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।