आगरा। यमुना नदी लबालब है। जलकल विभाग को शोधन के लिए पर्याप्त पानी मिल रहा है, इसके बाद भी शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। इससे गुस्साए किशोरपुरा क्षेत्र के लोगों ने सड़क पर उतर हंगामा किया और बोदला रोड को जाम कर दिया। जाम की सूचना पर पहुंची जगदीशपुरा थाना पुलिस ने बड़ी मुश्किल से जाम खुलवाया।
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे किशोरपुरा क्षेत्र की महिलाएं, बच्चे और पुरुष हाथों में लाठी, डंडे और खाली बर्तन लेकर सड़क पर आ गए। उनका कहना था कि किशोरपुरा इलाके में पिछले चार दिन से पानी नहीं आ रहा है। जलकल विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जाम की वजह से लोहामंडी-बोदला रोड की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई।
वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया वाहन सवार गलियों में होकर किसी तरह अपने गंतव्य की ओर गए। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। जलकल विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुला लिया गया। उन्होंने सप्लाई सुचारु करने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्र में टैंकरों से पानी सप्लाई को भरोसा दिया। इसके बावजूद जाम नहीं खुला तो पुलिस ने सख्ती बरतते हुए जाम खुलवा दिया।