टूंडला। थाना पचोखरा के गांव नगला दल के पास 11 दिन पूर्व हुई वृद्ध की हत्या के मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने रविवार को थाना पचोखरा का घेराव किया। साथ ही पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस पर निर्दोषों को फंसाने एवं वसूली का आरोप लगाया है। करीब डेढ़ घंटे बाद एसपी ग्रामीण ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया तथा लोगों को छोड़े जाने पर मामला शांत हुआ।
थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव नगला दल निवासी राजपाल सिंह बघेल 58 पुत्र लालाराम की सिर कुचलकर हत्या कर दी गयी थी। घटना तब हुई थी जब वह घर से अपनी बकरियों को चराने के लिए खेतों पर गया हुआ था। मामले में पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव था। ऐसे में पचोखरा पुलिस ने हत्या के दूसरे दिन से ही कई लोगों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया। वहीं गांव घिरौली के युवक जीतू को बैठाए रखा।
शनिवार को नए थाना प्रभारी सर्वेश कुमार ने चार्ज लिया तथा शक के आधार पर पुलिस ने गांव इमलिया के तीन लोग सूरज, नागेन्द्र व राघवेन्द्र को हिरासत में ले लिया। रविवार सुबह मामले में ग्रामीण थाने पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने सत्ता के दबाव में पचोखरा पुलिस पर निर्दोषों को फंसाने का आरोप लगाया।
मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रेमप्रकाश यादव ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन लेकिन वे नहीं माने। बाद में पहुंचे एसपी ग्रामीण महेन्द्र कुमार ने ग्रामीणों को समझाया तथा आश्वासन दिया कि किसी भी निर्दोष को नहीं फंसाया जायेगा। इस बीच पूछताछ के बाद ग्रामीणों को रिहा कर दिया गया तब ग्रामीणों का हंगामा शांत हुआ।
विगत दिनों हुई वृद्ध की हत्या के मामले पूछताछ के लिए तीन लोगों को थाने लाया गया था। दो लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। एक अन्य जीतू के विरुद्ध पुख्ता सबूत मिले हैं। उसके विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है। रोककर रखा था।
प्रेम प्रकाश यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी, टूंडला