आगरा। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की ओर से शुक्रवार को घोषित सीए फाउंडेशन (मई-2026) परीक्षा परिणाम में जिले के 369 अभ्यर्थियों में 71 विद्यार्थी सफल रहे। जिले का सफलता प्रतिशत करीब 19.2 प्रतिशत रहा।
शहर की मेरिट में सोना जैन ने 400 में 355 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। अभिषेक यादव ने 317 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि सौरव मंगलानी ने 286 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। सफल विद्यार्थियों की उपलब्धि पर परिजन और शिक्षकों में खुशी का माहौल रहा। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया, आगरा ब्रांच (सीआईआरसी) के अध्यक्ष सीए सौरभ नारायण सक्सेना ने बताया कि सीए फाउंडेशन का परिणाम सामान्यतः 22 से 25 प्रतिशत के बीच ही रहता है।
पहले ही प्रयास में मिली सफलता
17 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में सीए फाउंडेशन परीक्षा में शहर में प्रथम स्थान हासिल करने वाली बेलनगंज निवासी सोना जैन ने 400 में से 355 अंक प्राप्त किए। सोना ने बताया कि 12वीं की बोर्ड परीक्षा के बाद उन्होंने केवल दो महीने तक सीए फाउंडेशन की तैयारी की। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन कक्षाओं के साथ-साथ स्वयं अध्ययन पर विशेष ध्यान दिया। सोना ने बताया कि कक्षा 12वीं में 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में टॉप किया था। उनके पिता व्यवसायी हैं और परिवार ने पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया। उनका सपना एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनकर वित्तीय क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित करना है।