मथुरा। बरेली के गांव शाहपुर, सुखराय निवासी गौतम पुत्र लीलाधर बल्लभगढ़ में तेजाब फैक्टरी में कार्य करता था। डेढ़ साल बाद वह अपने घर वापस लौट रहा था। मथुरा होकर गुजरते हुए युवक टेंपो में सवार होकर नए बस अड्डे की तरफ चला। इसी बीच टेंपो सवारों ने युवक को कुछ खिला दिया।
बेहोश हुए युवक को कोतवाली क्षेत्र की ब्रज मार्केट के पास फेंककर भाग खड़े हुए। युवक को यूपी-100 की पीआरवी के सिपाहियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आए युवक ने बताया कि उसके 40 हजार रुपये, मोबाइल, पर्स और बैग को उड़ा ले गए।
युवक ने बताया कि अगले माह उसकी बहन की शादी होनी है। इसके लिए वह काफी दिनों बाद घर लौट रहा था। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी केके तिवारी ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। युवक जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुआ है या नहीं, यह जांच का विषय है।