मथुरा। फायरिंग रेंज में गोली लगने से कर्नल संजय सिंह राणा का निधन हो गया था। शनिवार को उनका सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैनिकों ने कर्नल संजय सिंह राणा को सलामी दी।
मथुरा के कृष्णा पैराडाइज निवासी संजय सिंह राणा सेना की 403 एयर डिफेंस विंग में बतौर कमांडिंग ऑफिसर तैनात थे। गुरुवार को राजस्थान की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में गोली लगने से उनकी मौत हो गई थी। शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर मथुरा लाया गया।
सेना की आरटी ब्रिगेड के जवानों ने एमटी पार्क में कर्नल संजय सिंह राणा को सलामी दी। इसके बाद ध्रुव घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि भाई अजय सिंह राणा ने दी। संजय सिंह राणा के आठ साल का बेटा ईशान राणा व पांच साल की बेटी आन्वी राणा है।
उनकी पत्नी सपना सिंह राणा सेना की मेडिकल यूनिट में कर्नल हैं और इन दिनों देवलाली महाराष्ट्र के सैन्य अस्पताल में तैनात हैं। इस दौरान सेनाधिकारी, संजीव जैन, अनिल अग्रवाल, विपिन अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।