एटा। जिले में गुरुवार रात बाइक सवार बदमाश फाइनेंस कर्मी से 3.60 लाख रुपये और निधौलीकलां क्षेत्र में बैक मित्र से 1.83 लाख रुपये लूटकर ले गए। पीड़ितों ने कोतवाली नगर और निधौलीकलां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के रामनगर उद्दनपुर निवासी सुशील पुत्र लंकुश शहर के अवंतीबाई नगर स्थित बजाज फाइनेंस पर काम करता है। गुरुवार देर रात करीब सवा दस बजे वह काम निपटाने के बाद बाइक पर सवार होकर अपने हाजीपुरा स्थित कमरे पर जा रहा था। हाजीपुरा पुलिया के पास दो बाइकों पर सवार होकर आए चार बदमाशाें ने उसे घेर लिया और बदमाश फाइनेंस कर्मी से 3.60 लाख रुपये से भरा थैला लेकर फरार हो गए।
इधर, थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव नगला गोदी निवासी राजवीर पुत्र गेंदालाल कस्बा स्थित केनरा बैंक में बैंक मित्र है। देर शाम वह बैंक से 1.83 लाख रुपये और मिनी एटीएम मशीन लेकर बाइक से घर लौट रहा था। निधौलीकलां क्षेत्र के मनोरा चौराहे के समीप बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और लूटने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर तमंचे की बट से प्रहार कर नकदी लूट ली। पीड़ित ने निधौलीकलां थाने में दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर बदमाशों की तलाश कर रही है।