कोसीकलां (मथुरा)। नगर में छह साल पहले हुए दंगे के मामले में सीबीसीआईडी टीम ने लोगों को बयान दर्ज कराने के लिए आगरा बुलाया है। टीम ने 42 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। लोग इस मामले में जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।
दंगे के एक मामले में तत्कालीन जांच अधिकारी ने चार लोगों को आरोपी बनाया था। बाद में विधानसभा में मामला उठने के बाद मामले की जांच सीबीसीआईडी आगरा को सौंप दी गई। जिसकी जांच निरीक्षक कमलेश प्रकाश शुक्ला कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जांच अधिकारी ने 42 लोगों को नोटिस जारी करके आगरा बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है।
जिन लोगों को बुलाया गया है वह प्रथम सूचना रिपोर्ट में नामजद आरोपी हैं। विवेचना के दौरान बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए गए है। पुलिस इस मामले में उन्हें तामील कराने में जुटी है। वहीं मामले की प्रक्रिया में एक बार फिर से हलचल शुरू हो गई है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि कुछ लोगों के बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस आए हैं। अन्य कोई मामला नहीं है।
ऐसे बिगड़े थे हालात
एक जून 2012 को सरायशाही में एक धार्मिक स्थल के बाहर पानी को लेकर हुए मामूली विवाद ने दंगे का रूप ले लिया था। हिंसक भीड़ ने चार दर्जन से अधिक दुकानों, मकानों और दो कॉलेजों को आग के हवाले कर दिया। एक दर्जन दोपहिया और चौपहिया वाहन फूंक दिए गए। दंगे में दो लोगों को जिंदा जलाने सहित चार की मौत और 24 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस दौरान करीब 25 दिन तक बाजार भी बंद रहा था। दंगे में 156 नामजद और 1200 अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है।