कासगंज। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अब हाईंटेक होने जा रही हैं। जल्द ही उनके हाथ मेें मोबाइल टैबलेट नजर आने लगेंगे। इसके बाद उनको रजिस्टर पर कार्य करने के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। शासन से योजना को मंजूरी मिलने के बाद बाल विकास विभाग ने योजना को अमल में लाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शासन से पिछले कई साल से टैबलेट देने की मांग कर रही थी। उनकी यह मांग जल्द ही पूरी होने जा रही है। शासन से महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग को इस संबंध में दिशा निर्देश मिल जाने के बाद विभाग नेे अपनी तैयारी शुरू कर दी है। जनपद में 2445 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमेें से 1684 पद ही भरे हुए हैं। इसके अलावा 461 मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों पर नियुक्त 2145 कार्यकर्ताओं को टैैबलेट दिया जाएगा। इन केंद्रों पर 163599 बच्चे जुड़े हुए हैं। इनमें कितने बच्चे लाल श्रेणी के हैं या फिर पीली श्रेणी के या फिर सामान्य श्रेणी के हैं। इनका वजन कब किया गया। सहित पूरा विवरण टैबलेट पर रखा जाएगा।
प्रशिक्षित भी होगी आंगनबाड़ी
कासगंज। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को टैबलेट देने से पहले उनको प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से उनको टैबलेट पर कार्य करने का तरीका बताया जाएगा, जिससे उनको टैबलेट पर कार्य करते समय किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अगले माह तक टैबलेट उपलब्ध करा दिए जाएंगे। टैबलेट देने से पहले प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे उनको संचालन में दिक्कत न हो। संजीव कुमार डीपीओ