कासगंज। जिले के माध्यमिक विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों की लापरवाही से छात्र-छात्राएं शासन की छात्रवृत्ति योजना का लाभ पाने से वंचित रह सकते हैं। इस संबंध में आयोजित बैठक में 44 उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य व 74 माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य अनुपस्थित रहे। डीआईओएस ने इन विद्यालयों से स्पष्टीकरण मांगा हैं।
छात्रवृत्ति योजना का लाभ देने के लिए आनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। जनपद में 257 माध्यमिक विद्यालयों में से 124 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं 68 उच्च शिक्षण संस्थानों में से 40 प्राचार्यों ने ही आनलाइन आवेदन कराकर अपनी रिपोर्ट शिक्षा विभाग को दी। विद्यालयों की लापरवाही पर पिछले दिनों जनपद आए नोडल अधिकारी राजीव रंजन ने अपनी नाराजगी जाहिर की। शेष विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों को शीघ्र आवेदन कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालयों की बैठक आयोजित की। 50 माध्यमिक विद्यालय एवं 4 शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य या उनके प्रतिनिधि ही अपनी प्रगति रिपोर्ट लेकर उपस्थित हुए। 44 शिक्षण संस्थानों व 74 माध्यमिक विद्यालयों से कोई प्रतिनिधि बैठक में हिस्सा लेने नहीं पहुंचा। विद्यालयों की लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है। डीआईओएस आरएसएस राजपूत ने बताया कि बैठक में रिपोर्ट लेकर न आने वाले विद्यालयों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।