मथुरा। गोवर्धन के गांव भगोसा बंबे के पास पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि थाने के दरोगा अर्जुन सिंह राठी के दाहिने हाथ में गोली लगी है। दो बदमाश भाग जाने में सफल हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गोवर्धन के गांव महरौली निवासी बबिता पत्नी संतोष और ओमप्रकाश भाटी पुत्र श्यामलाल को मैक्स पिकअप से आए तीन बदमाशों ने भगोसा मार्ग पर हथियारों के बल पर लूट लिया। बदमाश कार और मोबाइल लूट कर ले गए। घटना की सूचना पर पहुंची गोवर्धन पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से एक बदमाश महावन के गांव पचावर निवासी सोहनलाल पुत्र नत्थी घायल हो गया। बदमाश के जांघ में गोली लगी, जबकि गोवर्धन थाने का दरोगा अर्जुन सिंह राठी दाहिने हाथ में गोली लगने से घायल हो गए।
बदमाश और घायल दरोगा को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि दो बदमाशों की तलाश की जा रही है। कार और मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं। पीड़ित दोनों फरीदाबाद जा रहे थे।