किशनी(मैनपुरी)। बाइक सवार लुटेरों ने तमंचों की दम पर दंपती को लूट लिया। लुटेरे करीब दो लाख रुपये के जेवर लूटकर फरार हो गए। पीड़ित दंपती ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
मोहल्ला गोला बाजार निवासी विपिन कुमार पुत्र लीलाधर, पत्नी सरिता देवी व बेटे आन्या के साथ इटावा के कस्बा ऊसराहार अपनी ससुराल गए थे। मंगलवार की शाम दंपती बाइक पर सवार होकर मैनपुरी लौट रहे थे।
शाम करीब साढ़े छह बजे जैसे ही वह किशनी-मैनपुरी मार्ग पर हरिचंद्रपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
पीड़ितों के अनुसार बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुआ था, जबकि बाइक सवार दो युवक मुंह पर अगौंछा बांधे थे। बाइक से उतरे दो लुटेरों ने दंपती के तमंचा लगा दिया।
इसके बाद विपिन से सोने की पांच अंगूठी, एक जंजीर व सरिता से सोने की पांच अंगूठी, एक जंजीर व मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए। लुटेरों के जाने के बाद सरिता ने अपने मायके वालों को सूचना दी।
इस बीच ऊसराहार से बीस से 25 लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों के साथ देर शाम दंपती थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। थाना पुलिस ने मौके पर जामकर जांच की, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा।
थाना पुलिस का कहना है कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लूट की वारदात बिधूना चौराह से करीब दो सौ मीटर दूर हुई। लुटेरे और दंपती बिधूना चौराहा से होकर गुजरे थे।
चौराहा पर पुलिस की चेकिंग चल रही थी। बावजूद इसके लुटेरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। पीड़ित दंपती ने बताया कि बाइक बिना नंबर की थी। चेकिंग के दौरान अगर पुलिस सक्रिय होती तो शायद वारदात नहीं होती।