शेरगढ़ (मथुरा)। शुक्रवार की सुबह शेरगढ़ पुल के पास यमुना में नहाने गए चार किशोर यमुना में डूब गए। पैर फिसलने से डूबे तीन किशोरों को तैराकों ने बचा लिया, पर 15 साल के सोनू की गहरे पानी में जाने से मौत हो गई। किशोर अपने दोस्तों के साथ गंगा दशहरा पर स्नान को आया था।
तैराक युवकों ने तीन घंटे बाद किशोर के शव को ढूंढ निकाला। चार बहनों को इकलौता भाई होने के चलते घर में कोहराम मच गया। शेरगढ़ पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों में रोष दिखा। पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। गोताखोरों का इंतजाम भी नहीं था।
थाना शेरगढ़ के जाटव मोहल्ला निवासी प्रेम सिंह का 15 साल का बेटा सोनू गंगा दशहरा पर यमुना स्नान के लिए अपने दोस्तों के साथ निकला था। शुक्रवार की सुबह 8:45 बजे शेरगढ़ पुल के पास नहाते वक्त उसका पैर फिसल गया तो वह गहरे पानी में चला गया। किशोर ने जान बचाने की गुहार लगाई।
जब तक तैराक युवक उसे बचाने आते, तब तक वह यमुना में डूब चुका था। किशोर के डूबने की खबर परिजनों को लगी तो घर में कोहराम मच गया। यमुना पुल पर एकत्रित ग्रामीणों ने शेरगढ़ पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीण पुलिस को बुला रहे थे, पर पुलिस ने मौके पर पहुंचना मुनासिब नहीं समझा।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद तैराक युवकों ने किशोर के शव को ढूंढ निकाला। परिजन किशोर का शव घर ले गए। प्रभारी निरीक्षक रामेंद्र शुक्ला का कहना है कि किशोर के डूबने की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई। वहीं, यमुना पुल पर गोताखोरों का इंतजाम नहीं था।
चार बहनों का इकलौता भाई था सोनू
शेरगढ़। चार बहनों का इकलौते भाई सोनू की यमुना में डूबकर मौत पर बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं जाटव मोहल्ले में भी मातम छा गया है। जिसने किशोर के मौत की खबर सुनी, वह प्रेम सिंह के घर का रुख करने लगा।