एटा। समन लेकर जा रहे सिपाही और होमगार्ड की राइफल लूटने वाले आरोपियों से निधौलीकलां के पैरोकार की मिलीभगत का मामला सामने आया है। होमगार्ड की शिकायत पर एसएसपी ने पैरोकार को सस्पेंड कर जांच के आदेश दिए हैं।
निधौलीकलां क्षेत्र में पिछले दिनों समन लेकर जा रहे सिपाही और होमगार्ड से आरोपियों ने मारपीट कर राइफल लूट ली थी। कुछ दिन बाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर राइफल बरामद कर ली। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे। आरोपी कोर्ट से कुछ दिन पहले ही जमानत पर रिहा हुए हैं। आरोप है कि राइफल लूटने वालों से निधौलीकलां में तैनात पैरोकार अनिल कुमार का संबंध है। दो दिन पहले पैरोकार पीड़ित होमगार्ड को बिना कुछ बताए आरोपियों को पास ले गया। आरोपियों को देखते ही होमगार्ड वहां से जान बचाकर भाग आया और मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी। थाना स्तर पर कार्रवाई न होने के बाद पीड़ित होमगार्ड दानवीर ने मामले की शिकायत एएसपी और एसएसपी अखिलेश चौरसिया से की। एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि आरोपी पैरोकार को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू कराई है।