एटा। ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत चयनित विकास खंड अलीगंज क्षेत्र के ग्राम उभई असदनगर में सीडीओ उग्रसेन पांडेय की अध्यक्षता में गांव के प्राथमिक विद्यालय पर चौपाल आहूत की गई। चौपाल में सीडीओ ने समस्याएं सुनीं।
चौपाल में सीडीओ उग्रसेन पांडेय ने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत गांव को चिह्नित किया गया है। सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं से गांव को शत प्रतिशत संतृप्त करें। गांव का कोई भी पात्र व्यक्ति शासन द्वारा संचालित योजना का लाभ पाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। गांव में लाभार्थियों के सर्वेक्षण, चिह्नीकरण, साफ-सफाई, खुली बैठक, कैंप आयोजन, नये कार्यों को प्रारंभ कराना, गांव में अवस्थित सरकारी भवनों की साफ-सफाई कराई जाए।
डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह ने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान को सफल बनाने के लिए 16 विभागीय योजनाओं से चिह्नित ग्रामों को संतृप्त किया जाएगा। अभियान में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारी अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करें। प्राथमिक विद्यालय असदनगर पर आयोजित चौपाल को एसडीएम ब्रजेश कुमार सिंह, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, पीडीडीआरडीए अजय कुमार पांडेय, सीएमओ डा. अजय अग्रवाल, सीवीओ कपूर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार, डीआईओएस एसपी सिंह, डीएसओ उमेश चन्द्र, डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा शर्मा, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल, जिला कृषि अधिकारी आदि मौजूद रहे।