मैनपुरी। स्थानीय न्यायालय में दशकों पुराने लंबित मुकदमे शीघ्र ही निस्तारित किए जाएंगे। मुकदमों के शीघ्र निस्तारण में आ ही परेशानियों का निराकरण किया जाएगा। स्थानीय न्यायालय में कई मुकदमे विभिन्न कारणों से लंबित हैं। उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने दशकों पुराने लंबित मुकदमों को चिह्ति करके उनके बिलंब के कारणों की समीक्षा करके शीघ्र निस्तारण करने को कहा है। निर्देश के बाद दीवानी अदालतों में सर्वाधिक मामले चिह्ति किए गए हैं। इनमें किसी न किसी कारण से सुनवाई नहीं हो पा रही है।
जिससे पीड़ित को समय से न्याय नहीं मिल पा रहा है। उच्च न्यायाल के निर्देश के बाद अब चिह्नित किए गए मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है। दीवानी न्यायालय में 27 मुकदमे ऐसे हैं, जो दशकों पुराने हैं। कई दशक पूर्व दायर किए गए इन मुकदमों का किसी न किसी बजह से निस्तारण नहीं हो पा रहा है। चिह्नित किए गए मुकदमों को शीघ्र निस्तारित कराने के लिए दोनों पक्षों के वकीलों को भी पहल करने को कहा गया है।