मैनपुरी। छात्रवृत्ति की आस लगाए बैठे छात्रों के लिए यह खबर दुखी करने वाली है। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कई छात्रों के खातों में छात्रवृत्ति भेजने के लिए किया गया अंतरआहरण (ट्रांजेक्शन) फेल हो गया है। इस कारण जिले में 760 छात्र-छात्राओं को फिलहाल छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल सकेगा।
शासन ने छात्र-छात्राओं की पढ़ाई को सुचारु रखने के लिए छात्रवृत्ति योजना चलाई थी। इसके तहत वर्ष 2017-18 में लगभग 38000 छात्र-छात्राओं के आवेदन स्वीकार किए गए थे। सभी जांच प्रक्रिया को पूरा करने के बाद इन छात्रों की रिपोर्ट शासन को भेजी गई।
वहां से छात्र-छात्राओं के खाते में छात्रवृत्ति स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हुई। खातों में रुपये नहीं पहुंचने की सूची शासन ने जिले में भेज दी है। जिन छात्र-छात्राओं के खाते में छात्रवृत्ति नहीं पहुंची है, उसमें 241 छात्र-छात्राएं डिग्री, 378 इंटर और 141 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल कक्षा के हैं।