फिरोजाबाद। स्वच्छता गृह से सत्यागृह अभियान के तहत जिले के दो ब्लाकों को आगामी 10 अप्रैल तक ओडीएफ घोषित करने में जिला स्तर पर बरती जा रही लापरवाही पर प्रमुख सचिव द्वारा असंतोष जाहिर किया है। इस संबंध में पांच अप्रैल को होने वाली वीडियो कांफ्रेंसिंग में सीडीओ व पंचायत राज अधिकारी को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन के निर्देश पर गत 15 मार्च से दस अप्रैल तक स्वच्छता से सत्यागृह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सदर ब्लाक एवं अरांव में आगामी दस अप्रैल तक 18 हजार शौचालयों का निर्माण किया जाना था लेकिन ताजा स्थिति के अनुसार अभी तक महज 7210 शौचालयों का निर्माण पूरा हो पाया है।
शौचालय निर्माण की प्रगति की रिपोर्ट से नाराज प्रमुख सचिव राजीव कुमार ने गत दो अप्रैल को पत्र जारी कर जिला स्तरीय अधिकारियों को यथाशीघ्र लक्ष्यपूर्ति के लिए निर्देशित किया है। यही नहीं इस संबंध में आगामी पांच अप्रैल होने वाली वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य विकास अधिकारी व पंचायत राज अधिकारी को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने व शौचालय निर्माण की प्रगति उपलब्ध कराने को निर्देशित किया है।