कुसमरा। चौकी पुलिस ने रविवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर रामनगर मार्ग स्थित एक घर में छापेमारी की। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वहां भारी मात्रा में शराब, केमिकल, खाली बोतल, रेफर, उपकरण आदि बरामद किए। पुलिस को वहां एक बोतल सील करने वाली मशीन भी मिली।
थाना किशनी क्षेत्र की रिपोर्टिंग चौकी कुसमरा पर तैनात इंचार्ज विजय वर्मा चंदेल को रविवार की रात मुखबिर ने सूचना दी कि रामनगर रोड स्थित एक घर में मिलावी शराब बनाई जा रही है। इस सूचना पर पुलिसबल के साथ चौकी इचांर्ज ने रोमी यादव के घर में दबिश दी।
पुलिस को वहां देखकर खाली बोतलों में शराब पैक रहे रोमी ने भागने की कोशिश की मगर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने घर से शराब बनाने का दो टीन केमिकल, 20 पेटी बनी हुई मिलावटी शराब, डेढ़ सौ से अधिक पेटी में भरी कांच की खाली बोतलें, गत्ता, बोतल पैक करने वाली मशीन, रैपर, ढक्कन, होलोग्राम आदि सामान कब्जे में ले लिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी गौरव यादव भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वह काफी समय से अवैध शराब कारोबार में लिप्त है। पूर्व में भी मुख्य आरोपी की शराब फैक्ट्री किशनी में पकड़ी गई थी।
घर के सामने खड़ी रहती थी यूपी 100
कुसमरा। क्षेत्र में मिलावटी शराब बनाने का धंधा रोमी यादव के घर में चल रहा था। मगर पुलिस को इसकी भनक तक नहीं थी। ये बात ग्रामीणों के गले नहीं उतर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। छूटने के बाद उसने दोबारा से धंधा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पुलिस को भी थी मगर कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी। दबी जुबान से ग्रामीणों ने बताया कि रात में कई बार यूपी 100 की गाड़ी आरोपी के घर के बाहर खड़ी रहती थी। तो फिर यूपी 100 को इस कारोबार की भनक क्यों नहीं लगी। या फिर पुलिस सब कुछ जानते हुए भी कार्रवई नहीं करना चाहती थी।