बिछवां (मैनपुरी)। भक्त वत्सल इंटर कॉलेज में परीक्षा देने आई एक छात्रा के अपहरण की कोशिश की गई। छात्राओं की चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। इस पर कार सवार युवक वहां से भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्राओं ने पूछताछ करके युवक के बारे में जानकारी जुटाई है।
शुक्रवार सुबह करहल के नगला हती निवासी एक युवती और उसकी रिश्तेदार एक युवती निवासी चिर्रा पेपर देने के लिए भक्त वत्सल इंटर कॉलेज आई थीं। वहीं, ग्याबिहार हाल निवासी शास्त्रीपुरम दिल्ली निवासी एक युवक भी बिछवां आ गया। बताते हैं कि लड़का युवती के साथ दिल्ली में पढ़ाई करता है और दोनों की साथ-साथ कोचिंग भी करते हैं।
युवक छात्राओं के पीछे-पीछे बिछवां तक आ गया। उसने दोनों छात्राओं को सड़क पर रोक लिया और साथ पढ़ने वाली युवती को जबरदस्ती कार में बिठाकर ले जाने की कोशिश करने लगा। छात्राओं की चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परीक्षा केंद्र पर मौजूद पुलिसकर्मी मौके की ओर दौड़ पड़े। भीड़ जमा होती देख युवक कार लेकर भाग खड़ा हुआ। पुलिस की सूचना पर युवतियों के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए।