कोसीकलां (मथुरा)। बदमाशों ने सोमवार की सुबह पशु व्यापारी को कार में लिफ्ट देकर चार लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर पशु व्यापारी और उसके साथी के साथ मारपीट की और हाईवे पर शुगर मिल के पास फेंककर फरार हो गए। पशु व्यापारी के भाई ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना कोसीकलां के मोहल्ला निकासा निवासी पशु व्यापारी अनीश साथी जानू के साथ सोमवार की सुबह भरतपुर के लिए पशु खरीदने निकले। कोसीकलां बाईपास पर पशु व्यापारी और उसका साथी वाहन के इंतजार में खड़े थे, तभी वहां एक सलेटी रंग की स्विफ्ट कार आकर रुकी।
कार में पशु व्यापारी और उसका साथी सवार हो गया। छाता कोतवाली के दौतान के समीप कार सवार चार लोगों ने पशु व्यापारी और उसके साथी से मारपीट शुरू कर दी। पशु व्यापारी से चार लाख रुपये लूटकर दोनों को छाता शुगर मिल के पास फेंककर मथुरा की तरफ भाग गई।
लुटे-पिटे पशु व्यापारी ने राहगीरों की मदद से पुलिस को लूट की वारदात की सूचना दी। बावजूद यूपी-100 की मोबाइल नहीं पहुंची। काफी देर बाद छाता पुलिस पहुंची। पशु व्यापारी से हुई लूट की खबर पर परिजन भी छाता पहुंच गए। पशु व्यापारी के भाई आस मोहम्मद ने लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी प्रमोद पंवार ने बताया कि लिफाफा गैंग की वारदात का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।