मथुरा। भूतेश्वर रेलवे स्टेशन के निकट ट्रेन की चपेट में आने से एक सैनिक की मौत हो गई। सैनिक अपनी बहन से मिलकर अपने गांव नगला बेरुका उस्फार जा रहा था। गांव नगला बेरुका उस्फार निवासी 23 वर्षीय चंद्रपाल सिंह पुत्र बिशंभर तीन साल पूर्व सेना में क्लर्क पद पर भर्ती हुआ था। इन दिनों वह देहरादून स्थित मिलिट्री अकादमी में तैनात थे।
चंद्रपाल 17 जनवरी को छुट्टी पर आए थे। शुक्रवार सुबह वह फरीदाबाद से मथुरा आए और बैंक कालोनी में रह रही बहन से मिलकर गांव लौट रहे थे। भूतेश्वर स्टेशन के निकट सुबह 9:30 बजे चंद्रपाल गांव जाने को लाइन पार कर रहे थे, इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही गतिमान एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंच गई। चंद्रपाल की जेब से फरीदाबाद से मथुरा तक का रेल टिकट और आई कार्ड मिला। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।