आगरा। जयपुर हाउस में सराफ राकेश मित्तल के घर में दिनदहाड़े डकैती की घटना में पुलिस को कुछ सुराग मिल गए हैं। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में चार संदिग्ध नजर आ रहे हैं, इनमें से एक का चेहरा साफ है।
जब पुलिस ने एक स्केच बनवाया तो परिवारीजनों ने उसके बदमाश का होने का दावा किया। वह सीसीटीवी फुटेज में दिखे एक संदिग्ध से भी मेल खा रहा है। इसके बावजूद पुलिस बदमाश को नहीं पहचान सकी है।
डकैती कांड के खुलासे के लिए एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह, सीओ हरीपर्वत एएसपी श्लोक कुमार, सीओ लोहामंडी नमृता श्रीवास्तव ने गुरुवार को छह घंटे कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए।
प्रताप नगर रोड की ओर एक जगह कैमरे में चार बदमाश पैदल सराफ की कोठी की ओर जाते हुए नजर आ रहे हैं। इनमें से तीन के चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं, जबकि एक का चेहरा साफ नजर आ रहा है।
देर रात पुलिस ने परिवारीजनों की मदद से एक स्केच तैयार किया। स्केच सीसीटीवी फुटेज में दिखे एक संदिग्ध से मिलने के बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी। मगर, बदमाश कौन है, यह साफ नहीं कर सका। घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच सहित कई टीमों को लगाया गया है।
उधर, पुलिस ने परिवारीजनों की तहरीर पर डकैती में मुकदमा दर्ज किया है, इसमें अभी जेवर और कैश कितना था, इसका खुलासा नहीं किया है।
सफेद अपाचे सहित दो बाइक नजर आईं
सीसीटीवी फुटेज में दो बाइक नजर आ रही हैं, इनमें एक सफेद रंग की अपाचे बाइक है। इस पर दो युवक सवार हैं। उन्होंने हेलमेट भी पहन रखा है। बाइक का नंबर नहीं दिख पा रहा है।