फिरोजाबाद। सुहागनगर स्थित फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के आत्महत्या के मामले में थाना दक्षिण पुलिस ने कंपनी के स्थानीय मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलिस ने उसे आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में शनिवार को जेल भेज दिया।
थाना दक्षिण क्षेत्र के सुहागनगर सेक्टर चार में स्थित सेटइन क्रेडिट केयर नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड कंपनी (महिला समूहों को ऋण देने वाली) के कर्मचारी हाथरस के थाना सादाबाद के गांव नगला भूसा निवासी वीर बहादुर (26) पुत्र राजवीर सिंह ने दो दिन पूर्व कार्यालय के कक्ष में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
मृतक के भाई यादराम की तहरीर पर पुलिस ने कंपनी के स्थानीय मैनेजर रमेशचंद्र, आगरा ऑफिस के अरुण शुक्ला, उमेश कुमार, दयानंद एवं अंजनी कुमार के खिलाफ छुट्टी न देने व काम के लिए दबाव बनाने के कारण आत्महत्या करने को विवश होने का आरोप लगाया था। पुलिस ने कंपनी के स्थानीय मैनेजर मथुरा के थाना गोवर्धन के गांव माधुवी कुंड निवासी रमेशचंद्र (26) पुत्र कुंवरपाल सिंह को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। प्रभारी निरीक्षक दक्षिण विनोद कुमार ने बताया अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जांच पड़ताल करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।