मांट (मथुरा)। गुरुवार को मांट की एसबीआई से किसान ने 30 हजार रुपये निकाले। बैग में धनराशि को रख किसान गेट तक पहुंचा। इसी बीच दौड़ते आ रहा किशोर किसान केे हाथ में लगे बैग पर झपट्टा मारकर भागने लगा। राहगीरों और दुकानदारों के पीछे करने पर किशोर सड़क पर बैग को छोड़कर फरार हो गया।
थाना मांट के गांव जाबरा निवासी जहान सिंह किसान हैं। गुरुवार को वह मांट कस्बे की एसबीआई बैंक से धनराशि निकालने पहुंचे। 30 हजार रुपये निकालने के बाद किसान ने बैग में रख लिए और बैंक के गेट आया। इसी बीच 16 साल के किशोर ने किसान के हाथ पर झपट्टा मारकर बैग को छीन लिया। किसान के शोर मचाने पर राहगीरों और दुकानदारों ने किशोर का पीछा किया। पकड़े जाने के डर से किशोर बैग को सड़क पर फेंककर भाग खड़ा हुआ।
बावजूद इसके ग्रामीणों ने पीछा किया पर किशोर के हाथ नहीं लग सका। मांट पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले पर कुछ भी हासिल नहीं हुआ। करीब डेढ़ माह पूर्व जाबरा के जगदीश कुमार के जेब से 50 हजार रुपये पार हो चुके हैं।