सिढ़पुरा। नगर पंचायत पद के अध्यक्ष पद के समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी एवं कांग्रेस के प्रत्याशियों ने भाजपाइयों के द्वारा फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। चुनाव आयोग को शिकायत फैक्स कर पुन: मतदान कराए जाने की मांग की हैं।
सिढ़पुरा कस्बा में नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए मतदान के दौरान फर्जी मतदान कराए जाने का आरोप सपा प्रत्याशी मुस्तफा बेगम पत्नी मुफीद अहमद, बसपा प्रत्याशी नूरजहां पत्नी बब्बन एवं कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी शालिनी गुप्ता पत्नी विशाल बाबू गुप्ता ने लगाया। उन्होंने संयुक्त रूप से निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश को फैक्स एवं रजिस्टर्ड डाक से शिकायत की कि भाजपा प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों ने फर्जी आधार कार्ड, बैंक पासबुक बनवाकर गलत तरीके से मतदान कराएं।
फर्जी मतदान का विरोध करने पर 22 नवंबर को मतदान के दौरान अभद्रता की। लाठी डंडे चलाए और पथराव भी किया। उनके द्वारा जमकर बवाल किया गया। प्रत्याशियों का कहना है कि इससे जो भी परिणाम आएंगे वह निष्पक्ष नहीं होंगे। फर्जी वोटिंग के चलते परिणाम प्रभावित होंगे। तीनों ही पार्टियों के प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग से पुन: मतदान कराए जाने की मांग की है।