एटा। जिले में अमृत योजना के तहत बन रहे पार्क के निर्माण में जमकर गोलमाल किया जा रहा है। पार्क के सौंदर्यीकरण के नाम पर लाखों रुपये का खेल हो रहा है। सुनहरी नगर स्थित पार्क में बाउंड्रीवाल के निर्माण में पुरानी ईंटों का इस्तेमाल हो रहा है। मानकों को ताक पर रखकर हो रहे निर्माण कार्य की सुध लेने की प्रशासन को फुरसत नहीं है।
सुनहरी नगर पार्क को केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत चयनित किया गया है। पार्क का 35 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण होना है। कार्यदायी संस्था ने काम भी शुरू कर दिया है, लेकिन मानकों को ठेंगा दिखाकर निर्माण कार्य हो रहा है। नियमों के मुताबिक सौंदर्यीकरण में नईं ईंटों का प्रयोग होना है, लेकिन पार्क की बाउंड्रीवाल में पुरानी ईंटें लगाई जा रही हैं। लोगों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है।