कोसीकलां (मथुरा)। कोकिलावन स्थित शनिदेव मंदिर से दर्शन कर बाइक से दिल्ली लौट रहे एक युवक और दो महिलाओं को ट्रक ने रौंद दिया। इससे तीनों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। पुलिस ने चालक को ट्रक सहित पकड़ लिया।
बताए अनुसार दक्षिण दिल्ली निवासी सचिन (24) पुत्र सियाराम अपने समीप में रहने वाली लीला (28) पत्नी रामविलास और शीला (24) पत्नी जीतू निवासी झुग्गी नं. ई 93, ओखला फेज वन दिल्ली को लाया था। तीनों शुक्रवार रात बाइक से कोकिलावन में शनिदेव के दर्शन के लिए आए थे। तड़के दर्शन करने के बाद तीनों बाइक से ही वापस दिल्ली लौट रहे थे। आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर कोटवन मोड़ के समीप उनकी बाइक से ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह मलिक, कोटवन चौकी प्रभारी विपिन कुमार पहुंच गए। तीनों घायलों को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन तीनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सचिन की जेब से मिले कागजातों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पर मृतकों के परिवारीजन कोसी पहुंच गए। बताए अनुसार सचिन और शीला एक ही फैक्ट्री में सहकर्मी थे। जबकि लीला शीला की बड़ी बहन थी।