शिकोहाबाद। टीईटी में शामिल होने वाले उन अभ्यर्थियों को वंचित होना पड़ा, जिनके पास अंक तालिका की मूल प्रतिलिप नहीं थी। अभ्यर्थी इंटरनेट से परीक्षा की फोटो कॉपी लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया। इस पर छात्र-छात्राओं ने कॉलेज गेट पर जमकर हंगामा किया।
रविवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन शिकोहाबाद के नारायण इंटर कॉलेज, बीडीएम कॉलेज, पाली इंटर कॉलेज, पालीवाल डिग्री कॉलेज और एके इंटर कॉलेज में हुआ। परीक्षा में कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश द्वार पर ही अभ्यर्थियों की अंक तालिका की मूल प्रतिलिपि, आधार कार्ड, वोटर कार्ड देखने के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया।
जिनके पास अंक तालिका की मूल प्रति नहीं थी, उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। पालीवाल डिग्री कॉलेज पर इस तरह के लगभग 15 अभ्यर्थियों को परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। परीक्षा में शामिल होने से रोकने पर भड़के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज गेट पर हंगामा किया और गेट को झकझोर दिया। हंगामा होने के कारण लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
छात्र छात्राएं केंद्र में प्रवेश देने की मांग करते रहे, लेकिन कॉलेज प्रशासन और नोडल अधिकारी ने एक नहीं सुनी। बाद में मौजूद पुलिस फोर्स ने अभ्यर्थियों को समझा कर वापस भेज दिया। हंगामा करने वालों में कविता, नीलम, रानी, नीतू, रिंकी, वीरवती, रागिनी वर्मा, कुमारी राधा, रीना, प्रोमद कुमार, सतेंद्र, उमाशंकर गुप्ता समेत अनेक अभ्यर्थी मौजूद रहे।