मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव सिरौलिया निवासी पांच वर्षीय बालक की जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव की ओर दौड़ीं लेकिन पीड़ित के सैफई में होने के कारण कुछ लोगों की जांच कर लौट आईं।
तेज बुखार और मलेरिया के साथ ही नगर क्षेत्र में डेंगू ने भी लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। दन्नाहार निवासी युवक में जांच के दौरान डेंगू के लक्षण मिले हैं। जिला अस्पताल परिवारीजन लेकर गए। वहां से उसे सैफई रैफर कर दिया गया। नगर क्षेत्र में डेंगू की दस्तक से लोगों में दहशत है।
लोगों ने डेंगू की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं। यदि शीघ्र ही डेंगू पर अंकुश के लिए प्रयास न किए गए तो स्थिति भयावह होगी।
नगर निवासी अतुल कुमार, महेश चंद्र, कुलदीप आदि ने सीएमओ से मांग की है जिला अस्पताल में डेंगू जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। अस्पताल में डेंगू जांच की सुविधा न होने से गरीब मरीज समय से जांच नहीं करा पाते।
सहायक मलेरिया अधिकारी सत्य नारायण सिंह कहते हैं कि जिन क्षेत्रों में बुखार, मलेरिया और डेंगू के रोगी हैं। वहां पुन: डीडीटी का छिड़काव कराया जा रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अतिरिक्त डीडीटी भेजी है। प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी मलेरिया या डेंगू से पीड़ित रोगी मिलता है तो पूरे गांव में फिर से डीडीटी का छिड़काव कराया जाए।