फिरोजाबाद। सुहागनगरी में बुधवार को हरियाली तीज महोत्सव की धूम रही। घर और मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। प्रमुख मंदिरों में झांकी सजाई गई। भजन कीर्तन के साथ शाम को महाआरती एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
हरियाली तीज महोत्सव की तैयारी एक दिन पहले महिलाओं ने कर ली थी। मेहंदी रचाने के साथ महिलाओं ने शृंगार कर पकवान बनाए। मां गौरी की पूजा अर्चना की। शाम को भजन कीर्तन के साथ बुजुर्ग महिलाओं को शृंगार का सामन आदि दान किया। सावन के गीत गाए।
सदर बाजार स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर, द्वारिकाधीश महाराज मंदिर, श्री राधामोहन महाराज मंदिर में हरियाली तीज पर विशेष कार्यक्रम हुए। दूध वाली गली स्थित श्री बिहारी जी महाराज मंदिर प्रांगण में हरियाली तीज महोत्सव के तहत सुबह आठ बजे से बांके बिहारी महाराज के दिव्य शृंगार के दर्शन हुए। अपराह्न तीन बजे से महिला मंडल द्वारा भगवान को चंदन व रेशम की डोर से झूला झुलाना, भजन कीर्तन एवं शाम को आरती एवं रात्रि नौ बजे शयन आरती हुई।
मंदिर के महंत मुन्नालाल शास्त्री एवं अध्यक्ष छक्कूलाल पहलवान मौजूद रहे। मोहल्ला चौबान स्थित माथुर चतुर्वेदी समाज की महिलाओं व बच्चों ने हरियाली तीज महोत्सव उत्साह के साथ मनाया। पकवान में घेवर, मिष्ठान का सेवन किया। सुरभि चतुर्वेदी ने कहा कि यह पर्व अन्य पर्वों की तरह सिमटकर रह गया है। हरियाली आखिर कहां से नजर आए क्योंकि वृक्षों की संख्या घटती जा रही है। इसके कारण झूला तक नहीं झूल सकते हैं। घरों में झूला डालने को विवश हैं। कार्यक्रम में श्रेया चतुर्वेदी, सुरभि चतुर्वेदी, सौम्या, तृप्ति, रिचा, प्रिया, दिव्या आदि शामिल रहे।