आगरा। डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी शुक्रवार को भी काम पर नहीं लौटे। छात्राें के विरोध प्रदर्शन और कुलसचिव की कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने के लिए की गई अपील का असर भी नहीं दिखा।
शिक्षणेत्तर कर्मचारियाें ने 14वें दिन भी हड़ताल जारी रखी। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश चौधरी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर हुई सभा में कर्मचारी शिव गोविंद सिंह भदौरिया ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की छवि धूमिल की जा रही है। निलंबित कर्मचारियों को बहाल किए जाने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही गई। धरने में धर्मपाल शर्मा, दिनेश चंद्र शर्मा, बृजेश वर्मा, तेज सिंह, अशोक दुबे, सुनील श्रीवास्तव, इंद्रजीत पटेल, चेतन कुमार, सूरज मनचंदा आदि मौजूद रहे।