आगरा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। इसमें शहर के कुल 160 परीक्षा केंद्र ऑनलाइन निर्धारित किए गए हैं। इनमें 15 राजकीय, 81 सहायता प्राप्त और 64 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं।
डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि सभी केंद्रों की सूची कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। साथ ही यह सूची राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों में भी भेज दी गई है। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रबंधकों, अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे निर्धारित परीक्षा केंद्रों की जांच कर लें। यदि किसी को परीक्षा केंद्र पर आपत्ति है, तो वह कारण और साक्ष्य सहित अपना ऑनलाइन प्रत्यावेदन 4 दिसंबर तक माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल upmsp.edu.in पर निर्धारित प्रारूप में जमा कर सकता है। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार का प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि अधिक दूरी वाले केंद्रों पर आपत्ति करने की स्थिति में जियो लोकेशन प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा।