एटा। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इस्लाम नगर में चोरों ने दिन दहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। सूना घर पाकर चोर दिन में ही ताले तोड़कर अंदर घुसे और नकदी, जेवरात सहित करीब साढ़े सोलह लाख रुपये का सामान पार कर ले गए। शाम को घर वापस आने पर परिजनों ने ताले टूटे देखे तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के मोहल्ला इस्लाम नगर में इकबाल, तौफीक और तौसीफ पुत्रगण शब्बरी खां रहते हैं। शुक्रवार को तौसीफ की साली की अलीगढ़ में शादी थी। इसके चलते पूरा परिवार गुरुवार को अलीगढ़ गया हुआ था। घर में सिर्फ इकबाल ही मौजूद था। शनिवार सुबह वह घर पर ताला लगाकर सुभाष चौक स्थित अपनी दुकान पर चला गया। चोरों ने घर पर ताला पड़ा हुआ देखा और दोपहर में सन्नाटे के समय किसी समय चोर दरवाजे पर लगे ताले तोड़ घर के अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने शाम तक इत्मिनान से घर का हर एक कोना छान मारा। घर में तीनों भाईयों के व्यापार के रुपये व महिलाओं के जेवरात रखे थे। देर शाम जब मोहल्ले के लोगों ने इकबाल को सूचना दी तब दुकान से वह मौके पर पहुंचा। वहीं अन्य परिजन रिश्तेदारी से वापस घर पहुंचे तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों का सामान बिखरा हुआ पड़ा था और अलमारी बख्शे टूटे पड़े थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर में 8 लाख 17 हजार रुपये नकद व करीब 25 तोला सोना, इसकी कीमत करीब 8 लाख 40 हजार रुपये है। इकबाल की तहरीर पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पहले से रेकी की आशंका
घटना को देखते हुए ऐसा लग रहा है जैसे चोरों को किसी ने रेकी की है। इकबाल के घर से जाने के बाद चोर घर में दाखिल हुए हैं। वहीं एक दिन पहले भी घर पर दिन भर ताला लगा हुआ था। इसके चलते चोर पहले से ही तैयारी करके आए थे। इसके चलते ही उन्होंने घर का हर एक कोना खंगाला और सारा सामान पार कर ले गए।
लोहा काटने की मशीन साथ लाए थे चोर
चोरों को यह भी मालूम था कि घर में बड़े ताले लगे हैं, जिन्हें तोडना आसान नहीं होगा। इसके अंदर के दरवाजे भी मजबूत हैं। इसके चलते ही वह चोर लोहा काटने की मशीन लेकर साथ आए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से लोहा काटने की मशीन के पत्ते, पेंचकस व अन्य सामान मिला है। पुलिस ने मौके से मिले सामान को जब्त कर लिया है।
किसी नजदीकी के शामिल होने की आशंका
चोरों ने चोरी की घटना को जिस तरह से अंजाम दिया है। उससे यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि घटना में घर को ठीक से समझने और जानने वाला शामिल हो सकता है। हर चीज की सटीक जानकारी या तो घर के किसी व्यक्ति को हो सकती है या रोज आने जाने वाले व्यक्ति को। पुलिस चोरी की घटना की हर पहलू पर जांच कर रही है।
तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मौके की जांच पड़ताल कराई गई है। रविवार को फोरेंसिक टीम को बुलाकर भी सुबूत जुटाए जाएंगे। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस लगी हुई है, जल्द खुलासा किया जाएगा।
- देव आनंद, सीओ सिटी