सत्यप्रकाश का फाइल फोटो, सोशल मीडिया पर लगाया था ये स्टेटस
- फोटो : अमर उजाला
एटा। नया गांव थाना क्षेत्र में हुई ऑनर किलिंग को लेकर लड़की पूजा का गांव लाड़मपुर कटारा अब तक नहीं उबर पाया है। गांव में पुलिस की दहशत है। लोग घरों में ताला डालकर फरार हो गए है। जो घर खुले हैं वहां महिलाएं ही हैं। पुरुष रात में चोरी छिपे आते हैं और दिन भर खेत या हार में छिपे रहते हैं।
सत्यप्रकाश और पूजा की हत्या किसने की यह गुत्थी अभी भी उलझी हुई है। पुलिस इस मामले में अब तक तकरीबन बीस लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पूजा की मां, पिता और मामा के अलावा उनके नजदीकी रिश्तेदार व गांव में रहने वाले अन्य परिजनों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। गांव में अब यह माहौल है पुलिस की वर्दी में आता सिपाही भी दिखता है तो घरों के दरवाजे बंद हो जाते हैं। गांव में या कहें की पूजा के घर के आसपास के अधिकतर घरों में ताले लगे हुए हैं। बताया जाता है कि पुलिस ने जब से पूजा के अन्य परिजनों को निशाने पर लिया है तभी से यह माहौल है।
कॉल डिटेल से मिले सुराग
पुलिस ने पूछताछ के साथ ही तकनीक पर भी तेजी से काम किया है। कॉल डिटेल और बीटीएस डाटा उठाने के बाद पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगे हैं। इसके आधार पर ही पुलिस ने मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी को पूछताछ के लिए लाई है। वहीं पुलिस एक युवक और उसकी पत्नी की भी तलाश कर रही है। बताया जाता है कि पूजा ने उनके मोबाइल से सत्य प्रकाश से बात की है। यह तीन लोग भी पूजा की हत्या या प्रेम संबंध में राजदार थे।
रात भर दी जा रहीं दबिश
पूजा के पिता, मां और मामा के हाथ लग जाने के बाद भी पुलिस को जब सफलता नहीं मिली तो सर्विलांस की मदद ली गई। सर्विलांस टीम से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस संदिग्धों की तलाश में रात रात भर दबिश दे रही है। पुलिस टीमें मैनपुरी, एटा, कन्नौज, कासगंज व गाजियाबाद में दबिश दे रहीं है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक और हिरासत में लिया है। उसी के साथ पुलिस दबिश देने जा रही है।
इस मामले का सही खुलासा किया जाए, किसी बेगुनाह को सजा न मिले, पुलिस इसी दिशा में कार्य कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस टीमें लगातार इसी घटना का खुलासा करने के लिए जुटी हुईं हैं। जल्द सार्थक परिणाम सामने आएंगे। -स्वप्निल ममगाई, एसएसपी, एटा