एटा। डीएलएड परीक्षा में अनियमितता की शिकायतों पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ने दोनों निजी विद्यालयों को आगामी परीक्षाओं में परीक्षा केंद्र नहीं बनाने की संस्तुति की है। केंद्रों के विरुद्ध मिली शिकायतों के बाद सोमवार की परीक्षा डायट प्रशासन की उपस्थिति में संपन्न कराई गई।
अनियमितता की शिकायतें निजी परीक्षा केंद्रों एसबी पब्लिक स्कूल और एसएमएस गर्ल्स स्कूल पर भारी पड़ गईं। परीक्षार्थियों के आरोप के बाद डायट प्रशासन द्वारा की गई जांच में प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए इन्हें भविष्य में परीक्षा केंद्र नहीं बनाने की संस्तुति की गई है। डायट प्राचार्य डा. जितेंद्र यादव ने डीआईओएस को लिखे पत्र में इन विद्यालयों के विरुद्ध परीक्षार्थियों द्वारा की गई शिकायतों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शनिवार की परीक्षा में श्याम सुंदर महाविद्यालय के 27 परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र से बाहर निकालने एवं उनके साथ की गई मारपीट गंभीर विषय है। इन संस्थाओं को नकल विहीन पारदर्शी परीक्षाओं के लिए अनुपयुक्त मानते हुए आगामी परीक्षाओं के लिए प्रस्तावित नहीं करने के भी निर्देश दिए।
डायट प्रशासन के अनुसार अनियमितताओं की शिकायतों के बाद दोनों केंद्रों पर सोमवार की परीक्षा डायट प्रशासन की निगरानी में कराई गईं।
शनिवार को हुआ था विवाद
एसबी पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर शनिवार को विद्यालय प्रशासन एवं परीक्षार्थियों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि कुछ परीक्षार्थियों की पिटाई कर उक्त कालेज के सभी 27 परीक्षार्थियों को केंद्र से बाहर कर दिया गया था। शिकायत पर पहुंची पुलिस एवं डायट प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद इनकी परीक्षा हो सकी थी। इसके बाद परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र प्रशासन पर पांच हजार रुपए मांगने की लिखित शिकायत जिलाधिकारी से कर परीक्षा केंद्र निरस्त करने की मांग की थी। हालांकि 4 प्रधानाचार्य ने आरोप निराधार बताए थे।