कोसीकलां (मथुरा)। चेयरमैन नरेंद्र कुमार एवं आरटीआई कार्यकर्ता मनीष अग्रवाल के बीच हुआ विवाद व्यापारियों की बैठक के बाद बढ़ गया। व्यापारियों के दबाव के बाद मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर जानलेवा हमला सहित कई गंभीर धाराओं में चेयरमैन पर मुकदमा दर्ज किया है। तो वहीं चेयरमैन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आरटीआई कार्यकर्ता मनीष अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पांच जून को नगर पालिका में अवकाश के दिन चेयरमैन नरेंद्र कुमार एवं आरटीआई कार्यकर्ता मनीष अग्रवाल के बीच विवाद हो गया था। चेयरमैन ने मनीष पर साथी पूर्व सभासद वेदराम से जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल करने के अलावा अभद्रता करने का आरोप लगाया तो वहीं मनीष अग्रवाल ने चेयरमैन नरेंद्र कुमार पर जानलेवा हमला करने, मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
इस बीच मामले को लेकर शनिवार की देर शाम व्यापारियों की बैठक हुई। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। लगातार बिगड़ते हालातों को लेकर पुलिस ने चेयरमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, पुलिस ने चेयरमैन नरेंद्र कुमार की तहरीर पर आरटीआई कार्यकर्ता मनीष अग्रवाल के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि दोनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।