मैनपुरी। बिजली विभाग ने कटिया के खिलाफ अभियान चलाया तो लोगों ने बिजली चोरी का तरीका बदल दिया। अब बिजली चोरी मीटर में छेड़छाड़ करके की जा रही है। बिजली विभाग की ओर से जब्त किए गए 11 मीटरों में से सात मीटरों में छेड़छाड़ पाई गई है। बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली विभाग पूरा जोर लगाए हुए हैं। जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बिजली विभाग ने हाल ही में 11 मीटरों को जब्त किया था। प्रयोगशाला में मीटरों की जांच हुई तो चार में इलेक्ट्रॉनिक चिप मिली। इसके अलावा तीन में मीटर में छेड़छाड़ मिली है। इन तीन मीटरों में रीडिंग कम की गई है। इसके बाद से ही विभाग ने और सतर्कता बढ़ा दी है। संदिग्ध मीटर को जब्त करके तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मीटर में छेड़छाड़ करके बिजली चोरी करने के सभी 11 मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। उनका जवाब मिलने के बाद विभाग बिजली चोरी की पैनल्टी वसूल करेगा। मीटर में किस तरह चिप लगवाई गई इस संबंध में भी जवाब मांगा गया है। बिजली चोरी कराने में लाइनमैनों की भूमिका भी संदिग्ध है। अधिकारी भी इसको स्वीकार करते हैं। अधिकारियों की मानें तो लाइनमैन और मीटर रीडर की बिजली चोरी कराने में संलिप्तता मानी जा रही है। विभाग इस तरह के लाइनमैनों और मीटर रीडरों की पहचान करा रहा है।