मैनपुरी। विद्युत अधिकारी और कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ सही व्यवहार करें। हर हाल में अभियान चलाकर राजस्व बढ़ाएं। बिजली चोरी रोकने को अभियान चलाकर काम करें। बकाया बिल वसूली में शिथिलता न बरती जाए। यह निर्देश मुख्य अभियंता विद्युत एके चौधरी ने दिए।
मुख्य अभियंता ने कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को विद्युत अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा शासन तथा बिजली विभाग हर हाल में बिजली चेारी रोकना चाहता है। बिजली चोरी रोकने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर अभियान चलाएं। उपभोक्ताओं से बदसलूकी नहीं करें। अधिकारी और कर्मचारी सोशल मीडिया का उपयोग करें। ट्विटर अकाउंट खोलकर उपभोक्ताओं सहित आम लोगों के सवालों का जवाब दें। शहरी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर का लोड सात जून तक हर हाल में बैलेंस करें।
फुंके ट्रांसफार्मर और फाल्ट समय सीमा में सही कराएं। विभाग की छवि खराब करने वाले कर्मचारियों की पहचान करें। ऊर्जा मंत्री स्वयं पांच किलोवाट और एक लाख से ऊपर के बकाएदारों की समीक्षा कर रहे हैं। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता उमेश चंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता एससी शर्मा, आरबी राय, आशीष गुप्ता, ओमप्रकाश, टीआर सिंह सहित एसडीओ, जेई, नोडल अधिकारी, आरसीएल कंपनी के कर्मचारी मौजूद रहे।