कासगंज। जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2019 के लिए पौध रोपण कार्यक्रम के आयोजन पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने इस कार्यक्रम के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि शासन से जिले के लिए 15.68 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य के तहत कलक्ट्रेट परिसर में 101 प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। एक जुलाई से पौध रोपण कार्यक्रम शुरू होगा, जो अगस्त माह तक पूरा किया जाएगा। पौध रोपण के लिए सभी विभागों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। विभाग जो भी पौधे लगाएंगे उनके जीवित रहने पर भी ध्यान रखा जाए। सभी अधिकारी पौध रोपण के लिए जगह का चयन कर एक सप्ताह में गड्डों की खोदाई कराने के बाद जीओ टैगिंग करादें। इसके साथ ही फोटोग्राफ सहित सूची उपलब्ध करा दें। 11 जून को फिर से समीक्षा की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जन्म दिन व अन्य शुभ अवसरों पर किसी के नाम से पौधे लगाएं, जिससे भावनात्मक लगाव होगा तो पौधों का संरक्षण भी होगा। कलक्ट्रेट पर लाइसेंस नवीनीकरण हेतु आने वालों को 10 पौधे लगाने की सेल्फी सहित प्रमाण उपलब्ध कराना होगा। प्रत्येक किसान को 10 पौधे लगाने होंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कार्ययोजना तैयार कर 15 जून तक पौधारोपण हेतु दो.दो हजार गड्ढे खुदवाए जाएं व उनकी जीओ टैगिंग भी कराएं। माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करें। गौशालाओं, चारागाहों की भूमि पर अधिकाधिक पौधरोपण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यूकेलिप्टस के बजाय नीम, शीशम, बरगद, सहजन, आम, पापूलर, पाखड़ व अन्य अच्छी प्रजातियों के औषधीय, फलदार व लाभकारी पौधे लगाए जाएं। नहरों, सड़कों के किनारे, स्कूलों, कालेजों, चिकित्सालय परिसरों, रेलवे परिसर, इंडस्ट्रीयल एरिया, कृषि, पषुपालन, उद्यान विभाग की भूमि पर बड़ी संख्या में पौधरोपण किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी डा. दिनेश कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी दिवाकर कुमार वशिष्ठ, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र कुमार, सीएमओ डा. प्रतिमा श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव, बीएसए अंजली अग्रवाल आदि मौजूद रहे।