एटा। जिला अस्पताल में तैनात लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ सीएमएस ने डीएम से शिकायत अब लिखित में करना शुरू कर दिया है। शनिवार को भी चार चिकित्सक अनुपस्थित रहे इसकी वजह से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।
जिला अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों पर किसी भी अधिकारी का कोई अंकुश नहीं लग रहा है। पिछले दिनों जिलाधिकारी आईपी पांडेय ने निरीक्षण के दौरान सीएमएस को एक सप्ताह में व्यवस्थाएं पटरी पर लाने की हिदायत दी थी। अस्पताल के चिकित्सकों डीएम के आदेशों की अवहेलना करते मनमर्जी से मरीजों को देखने का काम किया जा रहा है। हालांकि लापरवाह और उदासीन डाक्टरों के खिलाफ सीएमएस ने लिखा पढ़ी शुरू कर दी है और शनिवार को अनुपस्थित रहे चार डाक्टरों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को लिखित में भेजी है। सीएमएस डा. राजेश कुमार अग्रवाल का कहना है कि डा. अतुल सारस्वत, नेत्र विशेषज्ञ डा. शुक्ला, बाल रोग विशेषज्ञ डा. बी सागर, डा. आरके दयाल अनुपस्थित रहे हैं। इन डाक्टरों के खिलाफ जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। चिकित्सक समय से ओपीडी नहीं बैठ रहे हैं इसमें लापरवाही साफ नजर आ रही है। चिकित्सकों के न आने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।