मेडिकल कॉलेज की जमीन से छह लोगों ने हटाया कब्जा
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। भूमि घोटाले से जुड़ी कई जांचों में प्रशासन उलझ गया है। जांच में एक के बाद एक नई नई सूचनाएं राजस्व प्रशासन के संज्ञान में आ रही हैं। अभी तक शहरी और कस्बाई इलाकों से जुड़े भूमि विवाद सामने आए, लेकिन अब ग्राम पंचायतों के मामले सामने आने पर राजस्व प्रशासन गंभीर है।
एसडीएम ललित कुमार ने गुरुवार को कासगंज विकास क्षेत्र के ग्राम प्रधानों की बैठक बुलाई। विकासखंड कार्यालय में आहूत बैठक में 77 में से 60 ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने सहभागिता की। इनमें से 25 ग्राम प्रधानों ने एसडीएम के समक्ष ग्राम समाज की भूमि पर कब्जों की शिकायत दर्ज कराई। एसडीएम ने ग्राम समाज की संपत्तियों के निस्तारण के लिए 25 टीमें गठित की गई हैं। टीम में राजस्व कर्मी, विकास विभाग के कर्मचारी और पुलिस के उपनिरीक्षकों को शामिल किया गया है। यह टीमें संबंधित ग्राम पंचायत में पहुंचेंगी और एक ही दिन में भूमि विवादों का निस्तारण करेंगी। बैठक में ग्राम प्रधानों ने ग्राम पंचायत की अन्य तमाम समस्याएं भी रखीं। चकरोड, चारागाह, खलियान, खेल के मैदान, कच्ची शराब की भी समस्या रखी गई। उपजिलाधिकारी ने समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश संबंधित टीमों को दिए। बैठक में नायब तहसीलदार कीर्ति चौधरी, प्रधान संघ के अध्यक्ष कमल सिंह, एडीओ वीरेंद्र वर्मा, प्रधान सुरेंद्र सिंह, रूबी, केश पाल सिंह, राजीव कुमार, किशन पाल, छाया देवी, तारारानी, अर्जुन सिंह, हरी सिंह, राजवीर, गीता देवी, डाल चंद्र, राजीव कुमार, धनमनी, देशराज सहित कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।