आसपास के लिए...
पेंटो टूटने से ढाई घंटा खड़ी रही मालगाड़ी
टूंडला (फिरोजाबाद)। कानपुर रेलखंड पर बुधवार दोपहर मालगाड़ी का पेंटो टूटने के चलते अप लाइन का रेल यातायात करीब ढाई घंटे तक प्रभावित रहा। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें पिछले स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
दोपहर 3.15 बजे एलपीजीयू मालगाड़ी जैसे ही फिरोजाबाद स्टेशन से गुजरी तभी अचानक मालगाड़ी का पेंटो ओएचई तारों में उलझकर टूट गया। पेंटो टूटने से मालगाड़ी मेनलाइन पर खड़ी हो गई। चालक ने तत्काल स्टेशन मास्टर के माध्यम से मुख्य नियंत्रण कक्ष को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में खलबली मच गई। आनन-फानन में पीछे आ रही ट्रेनों को पिछले रेलवे स्टेशनों पर रोक दिया।
करीब ढाई घंटे बाद टीम ने टूटे पेंटो को ठीक किया। तब कहीं जाकर ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकी। इस दौरान अप लाइन की तूफान मेल, कालका मेल समेत अन्य आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित रहीं। ब्यूरो